Thursday, July 9, 2026
HomeLatest Newsअमृतसर के जंडियाला गुरु बाजार में देर रात भीषण आग, शॉर्ट सर्किट...

अमृतसर के जंडियाला गुरु बाजार में देर रात भीषण आग, शॉर्ट सर्किट से दो दुकानें जलकर खाक

पंजाब डेस्क: अमृतसर के जंडियाला गुरु के मुख्य बाजार में सोमवार देर रात भीषण आग लगने से अफरा-तफरी मच गई। आग की चपेट में आने से एक बर्तन की दुकान और एक फ्रूट-जूस शॉप पूरी तरह जलकर राख हो गईं। शुरुआती जांच में हादसे की वजह शॉर्ट सर्किट मानी जा रही है। घटना रात करीब 2 बजे की बताई जा रही है।

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, बाजार से अचानक धुआं और आग की ऊंची लपटें उठती दिखाई दीं। देखते ही देखते आग ने दोनों दुकानों को अपनी गिरफ्त में ले लिया। स्थानीय लोगों ने तुरंत दुकानदारों को सूचना दी और अपने स्तर पर आग बुझाने की कोशिश शुरू कर दी ताकि आग आसपास की अन्य दुकानों तक न फैले।

सूचना मिलते ही दमकल विभाग की टीमें मौके पर पहुंचीं और काफी देर की मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया। हालांकि तब तक दोनों दुकानों में रखा लाखों रुपये का सामान जलकर पूरी तरह नष्ट हो चुका था।

बर्तन की दुकान के मालिक ने बताया कि वर्षों की मेहनत से खड़ा किया गया उनका कारोबार कुछ ही मिनटों में राख में बदल गया। वहीं फ्रूट-जूस शॉप संचालक ने कहा कि रात में फोन पर आग लगने की सूचना मिलने के बाद जब वह मौके पर पहुंचे तो दुकान पूरी तरह जल चुकी थी। आग में फ्रिज, जूस मशीनें और अन्य जरूरी उपकरण भी नष्ट हो गए।

घटना की जानकारी मिलने पर नगर परिषद अध्यक्ष सतिंदर सिंह, उपाध्यक्ष अमन विरक और अन्य प्रशासनिक अधिकारी मौके पर पहुंचे। उन्होंने प्रभावित दुकानदारों से मुलाकात कर नुकसान का जायजा लिया और हरसंभव सहायता का भरोसा दिलाया। पुलिस ने भी मौके पर पहुंचकर मामले की जांच शुरू कर दी है।

RELATED ARTICLES
spot_imgspot_imgspot_imgspot_img
Google search engine

Most Popular