Punjab Crime: पंजाब पुलिस ने नशा तस्करी के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत अमृतसर में बड़ी सफलता हासिल की है। काउंटर इंटेलिजेंस अमृतसर की टीम ने एक संगठित ड्रग तस्करी नेटवर्क का पर्दाफाश करते हुए तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने उनके कब्जे से करीब 25 किलो हेरोइन बरामद की है।
पंजाब पुलिस द्वारा साझा की गई जानकारी के मुताबिक, प्रारंभिक जांच में पता चला है कि गिरफ्तार आरोपी सीमा पार बैठे एक तस्कर के इशारों पर काम कर रहे थे। आरोपी विभिन्न स्थानों से हेरोइन की खेप इकट्ठा कर उसे पंजाब के अलग-अलग इलाकों में सप्लाई करने की तैयारी में थे।
इस मामले में अमृतसर स्थित स्टेट स्पेशल ऑपरेशन सेल (SSOC) थाने में एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज कर लिया गया है। पुलिस अब इस नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों की पहचान करने और पूरे तस्करी गिरोह की कड़ियों तक पहुंचने के लिए जांच को आगे बढ़ा रही है।
पंजाब पुलिस का कहना है कि राज्य में नशा तस्करी के खिलाफ अभियान लगातार जारी रहेगा और इस अवैध कारोबार में शामिल किसी भी व्यक्ति को बख्शा नहीं जाएगा।



