Thursday, July 2, 2026
HomeLatest Newsअब बिना चेक-इन बैग के मिलेगी सस्ती उड़ान, इंडिगो ने लॉन्च किया...

अब बिना चेक-इन बैग के मिलेगी सस्ती उड़ान, इंडिगो ने लॉन्च किया नया ‘लाइट फेयर’ प्लान

नई दिल्ली:
देश की प्रमुख एयरलाइन कंपनी इंडिगो ने अपने यात्रियों के लिए एक नया और किफायती किराया विकल्प पेश किया है। कंपनी ने ‘इंडिगो लाइट फेयर’ नाम से नई सेवा शुरू की है, जिसके तहत केवल केबिन बैगेज के साथ यात्रा करने वाले यात्रियों को कम किराए में टिकट उपलब्ध होगी।

इस नए फेयर की बुकिंग बुधवार से इंडिगो की आधिकारिक वेबसाइट, मोबाइल ऐप और कॉन्टैक्ट सेंटर के जरिए शुरू हो गई है। यह सुविधा 15 जुलाई 2026 या उसके बाद की यात्रा के लिए लागू होगी।

इंडिगो लाइट फेयर घरेलू और अंतरराष्ट्रीय दोनों तरह की नॉन-स्टॉप उड़ानों पर उपलब्ध होगा। इसके तहत यात्रियों को 7 किलोग्राम तक के केबिन बैगेज की अनुमति और बिना अतिरिक्त शुल्क के ऑटो-असाइन सीट मिलेगी, लेकिन चेक-इन बैगेज की सुविधा इसमें शामिल नहीं होगी।

यदि यात्री चेक-इन बैग, पसंदीदा सीट, भोजन या फास्ट-फॉरवर्ड जैसी अतिरिक्त सेवाएं लेना चाहते हैं, तो उन्हें इसके लिए अलग से भुगतान करना होगा। इन सेवाओं को उड़ान से एक घंटे पहले तक एयरलाइन की वेबसाइट या एयरपोर्ट पर खरीदा जा सकेगा।

एयरलाइन ने स्पष्ट किया है कि इस योजना का लाभ लेने वाले यात्रियों को भी पहले की तरह इंडिगो के लॉयल्टी प्रोग्राम के सभी फायदे मिलते रहेंगे।

इंडिगो के अनुसार, यह नया विकल्प उन यात्रियों को ध्यान में रखकर तैयार किया गया है जो कम सामान के साथ यात्रा करते हैं और केवल उन्हीं सुविधाओं के लिए भुगतान करना चाहते हैं जिनकी उन्हें वास्तव में जरूरत होती है।

गौरतलब है कि बढ़ती परिचालन लागत और महंगे विमान ईंधन के बीच एयरलाइंस कंपनियां अब सेवाओं को अलग-अलग पैकेज में उपलब्ध कराकर यात्रियों को अधिक विकल्प और सस्ती यात्रा का विकल्प देने की दिशा में काम कर रही हैं।

RELATED ARTICLES
spot_imgspot_imgspot_imgspot_img

Most Popular

Recent Comments