थाना घुमाण के अधीन आने वाले गांव मनेस के पास नहर किनारे पुलिस और एक गैंगस्टर के बीच मुठभेड़ होने की सूचना मिली है। इस दौरान पुलिस की जवाबी कार्रवाई में गैंगस्टर गोली लगने से घायल हो गया, जिसे इलाज के लिए बटाला के सरकारी अस्पताल में भर्ती कराया गया है। घटना की जानकारी मिलते ही एसएसपी बटाला महिताब सिंह, सीआईए स्टाफ, फोरेंसिक टीमों तथा थाना घुमाण समेत विभिन्न थानों की पुलिस मौके पर पहुंच गई और जांच शुरू कर दी।
प्राप्त जानकारी के अनुसार कुछ दिन पहले बटाला में एक गारमेंट्स दुकान के मालिक से विदेश में बैठे गैंगस्टरों द्वारा 10 लाख रुपये की फिरौती मांगी गई थी। फिरौती नहीं देने पर आरोपियों ने दुकान पर फायरिंग की थी। इस मामले में पुलिस ने केस दर्ज कर आरोपियों की तलाश शुरू कर दी थी। इसी सिलसिले में पुलिस ने बीते दिन बलदेव सिंह उर्फ करण पुत्र चांद सिंह निवासी खजाला, थाना घुमाण को गिरफ्तार किया था। पूछताछ के दौरान उसकी निशानदेही पर हथियार बरामद करने के लिए पुलिस उसे गांव मनेस के पास नहर किनारे लेकर गई।
पुलिस के अनुसार हथियार बरामदगी के दौरान आरोपी बलदेव सिंह उर्फ करण ने अचानक पुलिस टीम पर फायरिंग कर दी। इसके बाद पुलिस ने आत्मरक्षा में जवाबी कार्रवाई की, जिसमें आरोपी के पैर में गोली लग गई। घायल आरोपी को तुरंत उपचार के लिए बटाला के सरकारी अस्पताल भेज दिया गया। घटना के बाद इलाके में सुरक्षा बढ़ा दी गई है और पुलिस मामले की गहन जांच कर रही है। मौके पर बड़ी संख्या में पुलिस बल तैनात किया गया है।


