नई दिल्ली: देशभर में मानसून तेजी से सक्रिय हो रहा है और इसके साथ ही मौसम का मिजाज भी लगातार बदल रहा है। भारतीय मौसम विभाग (आईएमडी) ने अगले 72 घंटों को बेहद महत्वपूर्ण बताते हुए 19 राज्यों में तेज बारिश, आंधी और तूफानी हवाओं का अलर्ट जारी किया है। कई इलाकों में हवाओं की रफ्तार 90 किलोमीटर प्रति घंटे तक पहुंचने की आशंका जताई गई है।
दिल्ली और एनसीआर में मौसम अचानक करवट ले सकता है। मौसम विभाग के मुताबिक यहां तेज हवाओं के साथ बारिश की संभावना है और कुछ क्षेत्रों में धूल भरी आंधी भी चल सकती है। वहीं उत्तर प्रदेश के कई जिलों में भारी बारिश के साथ 80 से 85 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से हवाएं चलने का अनुमान है।
पंजाब और हरियाणा में भी मौसम विभाग ने चेतावनी जारी की है। दोनों राज्यों के कई जिलों में तेज बारिश और 70 किलोमीटर प्रति घंटे तक की रफ्तार से हवाएं चल सकती हैं। किसानों को फसल और अनाज के सुरक्षित भंडारण के लिए विशेष सावधानी बरतने की सलाह दी गई है।
उत्तराखंड, हिमाचल प्रदेश और जम्मू-कश्मीर के पहाड़ी क्षेत्रों में भी मौसम का असर देखने को मिलेगा। कई स्थानों पर भारी बारिश के साथ ओलावृष्टि की संभावना है, जबकि जम्मू-कश्मीर में 19 जून तक बारिश और तेज हवाओं का दौर जारी रह सकता है।
बिहार और झारखंड के कई जिलों में भारी बारिश के साथ आकाशीय बिजली गिरने की आशंका जताई गई है। लोगों को खराब मौसम के दौरान खुले स्थानों और पेड़ों के नीचे खड़े होने से बचने की सलाह दी गई है। वहीं झारखंड में मानसून की सक्रियता बढ़ने से रांची, धनबाद और जमशेदपुर समेत कई इलाकों में बारिश और तेज हवाओं का पूर्वानुमान है।
बंगाल और पूर्वोत्तर राज्यों में भी भारी बारिश का सिलसिला जारी रहने की संभावना है। असम, मेघालय, अरुणाचल प्रदेश, मिजोरम और त्रिपुरा में लगातार वर्षा होने के आसार हैं, जिससे कुछ इलाकों में जलभराव की स्थिति भी पैदा हो सकती है।
राजस्थान और मध्य प्रदेश में भी मौसम बदलने वाला है। तेज हवाओं और बारिश के साथ धूल भरी आंधियां चल सकती हैं। हालांकि तापमान में गिरावट से लोगों को भीषण गर्मी से राहत मिलने की उम्मीद है। मौसम विभाग का अनुमान है कि अगले दो से तीन दिनों में मध्य प्रदेश के कई हिस्सों में मानसून दस्तक दे सकता है।
दक्षिण भारत में मानसून पूरी तरह सक्रिय हो चुका है। केरल, तमिलनाडु, तेलंगाना और कर्नाटक के कई जिलों में भारी बारिश और तेज हवाओं का अलर्ट जारी किया गया है। मौसम विभाग ने लोगों से खराब मौसम के दौरान सतर्क रहने और समय-समय पर जारी होने वाले मौसम अपडेट पर नजर रखने की अपील की है।


