जालंधर और आसपास के इलाकों के रेल यात्रियों के लिए एक बड़ी खबर सामने आई है। श्री माता वैष्णो देवी कटड़ा-अमृतसर वंदे भारत एक्सप्रेस के रूट में बड़ा बदलाव किया गया है। रेलवे के नए आदेश के अनुसार अब यह ट्रेन जालंधर सिटी और ब्यास स्टेशन के बजाय गुरदासपुर और बटाला के रास्ते संचालित होगी। यह नई व्यवस्था अमृतसर से 16 जून और कटड़ा से 17 जून से लागू हो जाएगी।
इस फैसले के बाद जालंधर सिटी और ब्यास स्टेशन वंदे भारत एक्सप्रेस के रूट से बाहर हो जाएंगे, जिससे जालंधर, कपूरथला और आसपास के हजारों यात्रियों को बड़ा झटका लगा है। अब इन क्षेत्रों के यात्रियों को इस ट्रेन का लाभ लेने के लिए अन्य स्टेशनों का सहारा लेना पड़ सकता है।
रेलवे द्वारा जारी नए शेड्यूल के मुताबिक, ट्रेन संख्या 26406 श्री माता वैष्णो देवी कटड़ा-अमृतसर वंदे भारत एक्सप्रेस सुबह 6:40 बजे कटड़ा से रवाना होगी और जम्मूतवी, पठानकोट, गुरदासपुर तथा बटाला होते हुए दोपहर 11:40 बजे अमृतसर पहुंचेगी। वहीं ट्रेन संख्या 26405 अमृतसर-श्री माता वैष्णो देवी कटड़ा वंदे भारत एक्सप्रेस शाम 4:40 बजे अमृतसर से रवाना होकर बटाला, गुरदासपुर, पठानकोट और जम्मूतवी के रास्ते रात 9:45 बजे कटड़ा पहुंचेगी।
इसके साथ ही ट्रेन के नॉन-रनिंग डे में भी बदलाव किया गया है। अब यह ट्रेन मंगलवार के बजाय शनिवार को संचालित नहीं होगी।
हालांकि रेलवे ने इस रूट परिवर्तन के पीछे कोई आधिकारिक कारण नहीं बताया है, लेकिन रेलवे सूत्रों का कहना है कि जालंधर सिटी स्टेशन से इस ट्रेन को अपेक्षित संख्या में यात्री नहीं मिल रहे थे। कई फेरों में सीटों की ऑक्यूपेंसी उम्मीद से कम दर्ज की गई, जबकि गुरदासपुर और बटाला क्षेत्र के लोग लंबे समय से वंदे भारत एक्सप्रेस की मांग कर रहे थे।
यदि यह बदलाव स्थायी रूप से लागू रहता है, तो पहली बार गुरदासपुर और बटाला के यात्रियों को वंदे भारत एक्सप्रेस की सीधी सुविधा मिलेगी। वहीं दूसरी ओर जालंधर और आसपास के क्षेत्रों के यात्रियों के लिए यह फैसला किसी बड़े झटके से कम नहीं माना जा रहा है।


