Saturday, June 13, 2026
HomeLatest Newsपंजाब राज्य अनुसूचित जाति आयोग के चेयरमैन ने गांवों का किया दौरा;...

पंजाब राज्य अनुसूचित जाति आयोग के चेयरमैन ने गांवों का किया दौरा; लोगों की समस्याएं सुनी

पंजाब राज्य अनुसूचित जाति आयोग के अध्यक्ष श्री जसवीर सिंह गढ़ी ने गोराया और फिल्लौर ब्लॉकों के गांवों का दौरा करके लोगों की समस्याएं सुनी, इसी श्रृंखला के तहत आज उन्होंने गांव रुड़का कलां, रुड़की, अकलपुर, गांव गन्ना और गोराया के मोहल्ला लांगड़ियां का दौरा कर लोगों की समस्याओं की सुनवाई की।

अपने दौरे के दौरान श्री गढ़ी ने विभिन्न वर्गों के लोगों की समस्याएं सुनते हुए उन्हें विश्वास दिलाया कि प्रशासन के साथ समन्वय करके उनके मुद्दों का उचित समाधान सुनिश्चित किया जाएगा। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री श्री भगवंत सिंह मान के नेतृत्व वाली पंजाब सरकार प्रत्येक वर्ग के लोगों की भलाई और उन्हें बेहतर सुविधाएं उपलब्ध करवाने के लिए प्रतिबद्ध है।

इस दौरान चेयरमैन ने यूथ फुटबॉल क्लब, रुड़का कलां पहुंचकर मैक्सिको में हुए स्ट्रीट चाइल्ड वर्ल्ड कप में शानदार प्रदर्शन के कारण रनरअप का गौरव हासिल करने वाली टीम का मनोबल बढ़ाया। उन्होंने क्लब को एक लाख एक हजार रुपये देने का ऐलान भी किया।

उन्होंने कहा कि वाई.एफ.सी. द्वारा युवाओं को खेलों से जोड़कर स्वस्थ समाज की रचना में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई जा रही है। उन्होंने कहा कि इस तर्ज पर और भी पहल होनी चाहिए, ताकि युवा पीढ़ी को खेलों से जोड़कर नशों से दूर रखा जा सके।

श्री गढ़ी ने कहा कि पंजाब सरकार द्वारा खेलों को प्रोत्साहित करने के लिए बड़े स्तर पर प्रयास किए जा रहे है, ताकि राज्य में खेल संस्कृति को और अधिक प्रफुल्लित किया जा सके। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार ने ‘खेड़ां वतन पंजाब दियां’ के अलावा आधुनिक सुविधाओं से लैस 3000 से अधिक खेल मैदानों को विकसित करने, खिलाड़ियों के उचित सम्मान सहित कई पहल की हैं।

उन्होंने क्लब के प्रयासों की सराहना करते हुए वाई.एफ.सी. के चेयरमैन गुरमंगल दास, क्लब की प्रबंधक कमेटी और खिलाड़ियों को बधाई दी। इसके अलावा डेरा बाबा भाई साधू जी, सरपंच इकविंदर कौर और गांव वासियों का युवाओं को स्वस्थ जीवन शैली से जोड़ने के लिए किए जा रहे प्रयासों के लिए धन्यवाद व्यक्त किया।

दौरे के दौरान श्री गढ़ी ने मंदिर बाबा श्री बालक नाथ जी गोराया, डेरा बाबा भाई साधू जी रुड़का कलां और डेरा बाबा ब्रह्मदास अकलपुर में नतमस्तक होकर सूबा वासियों की तरक्की और खुशहाली के लिए प्रार्थना की।

उपरांत भगवान वाल्मीकि आश्रम प्रबंधक कमेटी गोराया के साथ बैठक के दौरान आश्रम के निकट कूड़े के डंप को हटाने की मांग पर शीघ्र कार्रवाई का भरोसा देते हुए श्री गढ़ी ने कहा कि इस संबंध में नगर परिषद, गोराया को निर्देश जारी करके उचित कार्रवाई के लिए बाध्य किया जाएगा।

अंत में श्री गढ़ी ने गांव गन्ना पहुंचकर अनुसूचित जाति वर्ग के लोगों की समस्याएं भी सुनीं। उन्होंने कहा कि उनकी समस्याओं का उचित समाधान करवाया जाएगा और भाईचारे के लोगों के मुद्दे जल्द से जल्द हल करवाए जाएंगे।

RELATED ARTICLES
- Advertisment -
Google search engine

Most Popular

Recent Comments