सड़क पर तार गिरते ही वहां से गुजर रहे राहगीरों में हड़कंप मच गया।
जालंधर बस स्टैंड के पास बुधवार देर रात सामान से लदे ऊंचे ट्रक की चपेट में आने से बिजली की हाई वोल्टेज तार टूटकर सड़क पर गिर गई। गनीमत यह रही कि इस हादसे में कोई जानी नुकसान नहीं हुआ। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस और बिजली विभाग की टीम ने मौके पर पहुंचकर बिजली सप्लाई बंद करवाई और राहत कार्य शुरू किया।
यह घटना जालंधर के संविधान चौक के पास स्थित सरकारी डंप वाली सड़क पर हुई, जो बस स्टैंड की ओर जाती है। लुधियाना से एक ट्रक (नंबर: PB 10 FV 2539) आ रहा था, जिसमें मशीनरी और अन्य सामान लदा था। जैसे ही ट्रक होटल किंग और देश भगत हॉल की ओर मुड़ा, उसकी ऊंचाई अधिक होने के कारण ऊपर से गुजर रही हाई वोल्टेज तार उसमें फंस गई और टूटकर सीधे सड़क पर आ गिरी।
सड़क पर तार गिरते ही वहां से गुजर रहे राहगीरों में हड़कंप मच गया। हादसे के तुरंत बाद बिजली विभाग को सूचित किया गया, जिन्होंने तत्परता दिखाते हुए इलाके की बिजली सप्लाई काट दी। इससे एक बड़ा हादसा होने से बच गया।



