जालंधर में मंगलवार को पंजाब रोडवेज की बस और एक बाइक के बीच भीषण टक्कर हो गई।
इस हादसे में बाइक सवार की मौके पर ही मौत हो गई। हादसा चुनमुन मॉल के पास हुआ है। मौके पर पहुंची पुलिस ने बस और बाइक को अपने कब्जे में ले लिया है।
जानकारी के अनुसार, बस और बाइक सवार दोनों चुनमुन मॉल की ओर से आ रहे थे और बस स्टैंड की दिशा में जा रहे थे। चौक पार करते समय दोनों वाहनों की आपस में टक्कर हो गई। टक्कर इतनी भीषण थी कि बाइक सवार ने घटनास्थल पर ही दम तोड़ दिया। मृतक की पहचान जसविंदर सिंह (54) निवासी नत्थूचाहल के रूप में हुई है।
पुलिस ने बस और बाइक को कब्जे में लिया
राहगीरों के मुताबिक, बस नंबर पीबी 04 एए 7371 ने बाइक नंबर पीबी 09 क्यू 1716 को टक्कर मारी। घटना की सूचना तुरंत पुलिस को दी गई। मौके पर पहुंची पुलिस ने बस और बाइक को अपने कब्जे में ले लिया है और आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है।



