भारत की अंडर-19 टीम ने इंग्लैंड के खिलाफ पांच मैचों की एकदिवसीय श्रृंखला की शानदार शुरुआत की।
भारत की अंडर-19 टीम ने इंग्लैंड के खिलाफ पांच मैचों की एकदिवसीय श्रृंखला की शानदार शुरुआत की। होव के काउंटी ग्राउंड पर 175 रन के लक्ष्य को भारतीय टीम ने चार विकेट के नुकसान पर सिर्फ 24 ओवर में हासिल कर लिया। भारतीय टीम की जीत के हीरो 14 वर्षीय वैभव सूर्यवंशी रहे, जिन्होंने सिर्फ 19 गेंदों पर 48 रन बनाए। इसमें पांच छक्के और तीन चौके शामिल रहे। वैभव की पारी ने टीम इंडिया की जीत की नींव रखी।
आयुष म्हात्रे के साथ 7.3 ओवर में जोड़े 71 रन
सूर्यवंशी, जो इस साल की शुरुआत में राजस्थान रॉयल्स के लिए इंडियन प्रीमियर लीग में अपने शानदार प्रदर्शन की बदौलत पुरुषों के टी20 में सबसे कम उम्र के शतक बनाने वाले खिलाड़ी के रूप में पहले ही रिकॉर्ड बना चुके हैं, क्रीज पर अपने संक्षिप्त लेकिन शानदार प्रदर्शन के दौरान बेहतरीन लय में दिखे। उन्होंने कप्तान आयुष म्हात्रे के साथ दूसरे विकेट के लिए 7.3 ओवर में 71 रन जोड़े और इंग्लिश टीम की गेंदबाजी को कुंद कर दिया।
सिर्फ 24 ओवर में हासिल की जीत
सूर्यवंशी के आउट होने के बाद भारत की पारी लड़खड़ा गई और कुछ विकेट जल्दी गिर गए, लेकिन विकेटकीपर अभिज्ञान कुंडू ने नाबाद 45 रन बनाकर पारी को संभाला और मेहमान टीम को 26 ओवर शेष रहते जीत दिला दी। 175 रन के लक्ष्य को भारतीय टीम ने चार विकेट के नुकसान पर सिर्फ 24 ओवर में हासिल कर लिया।
इससे पहले, इंग्लैंड ने टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करने का फैसला किया था। पूरी टीम 42.2 ओवर में 174 रन पर ढेर हो गई। रॉकी फ्लिंटॉफ ने 56 और इसहाक मोहम्मद ने 42 रन की पारी खेली। मोहम्मद ने अपना पहला मैच खेलते हुए 28 गेंदों पर चार छक्के और तीन चौके लगाए। फ्लिंटॉफ ने अपनी पारी में तीन छक्के और तीन चौके लगाए।
मोहम्मद एनान और कनिष्क चौहान ने लिए पांच विकेट
भारत की तरफ से स्पिन गेंदबाजों मोहम्मद एनान और कनिष्क चौहान ने आपस में पांच विकेट लिए। इस जीत के साथ भारत ने दौरे पर अपना दबदबा जारी रखा है, इससे पहले सप्ताह के शुरू में लाफबॉरो में यंग लायंस इनविटेशनल इलेवन के खिलाफ टीम को 231 रन की जीत मिली थी।