लुधियाना के कुतबेवाल गांव में स्थित एक तीन मंजिला कपड़ा फैक्ट्री में बीती रात अचानक भीषण आग लग गई, जिससे पूरे इलाके में अफरा-तफरी मच गई।
लुधियाना के कुतबेवाल गांव में स्थित एक तीन मंजिला कपड़ा फैक्ट्री में बीती रात अचानक भीषण आग लग गई, जिससे पूरे इलाके में अफरा-तफरी मच गई। आग इतनी विकराल थी कि उसकी लपटें दूर-दूर तक दिखाई दे रही थीं। हादसा रात करीब 12 बजे के आसपास हुआ, जब फैक्ट्री में बिजली आपूर्ति बहाल हुई।
-शॉट सर्किट से हुआ हादसा
स्थानीय लोगों के अनुसार, इलाके में कुछ समय के लिए बिजली गुल थी। बिजली वापस आते ही फैक्ट्री के पास से चिंगारियां निकलती देखी गईं, जिसके कुछ ही क्षणों बाद आग ने तेजी से पूरी इमारत को अपनी चपेट में ले लिया। आग लगने का प्राथमिक कारण शॉर्ट सर्किट माना जा रहा है।
सूचना मिलते ही मौके पर दमकल विभाग की 7 से अधिक गाड़ियां पहुंचीं और आग बुझाने का प्रयास शुरू कर दिया। फायर ऑफिसर आतिश के अनुसार, आग पर काबू पाने के लिए लगभग 10 बार पानी का छिड़काव किया गया, लेकिन आग की तीव्रता को देखते हुए पूरा अभियान करीब 3 से 4 घंटे तक चला।
-फैक्ट्री का लाखों का हुआ नुक्सान
इस हादसे में फैक्ट्री में रखा भारी मात्रा में कपड़ा जलकर राख हो गया। विक्रांत निट्स नामक इस फैक्ट्री में मुख्य रूप से टी-शर्ट्स का निर्माण होता था। आग के कारण हुए नुकसान का सही आंकलन अभी नहीं किया जा सका है, लेकिन आशंका जताई जा रही है कि फैक्ट्री मालिक को लाखों रुपये का नुकसान हुआ है।
-घटना से लोगों में दहशत का माहौल
घटना के समय लोगों में दहशत फैल गई थी, जिसे देखते हुए सलेम टाबरी थाने की पुलिस टीम मौके पर पहुंची और स्थिति को नियंत्रण में लिया। पुलिस ने भीड़ को तितर-बितर किया और दमकलकर्मियों को राहत कार्य में सहायता प्रदान की। फिलहाल राहत की बात यह है कि इस हादसे में किसी के हताहत होने की खबर नहीं है। फैक्ट्री के भीतर कोई कर्मचारी मौजूद नहीं था, जिससे बड़ा जानमाल का नुकसान टल गया।
जांच अधिकारी इस घटना की विस्तृत पड़ताल कर रहे हैं, ताकि भविष्य में इस तरह की घटनाओं की पुनरावृत्ति न हो। स्थानीय प्रशासन और फायर डिपार्टमेंट ने फैक्ट्रियों को सुरक्षा मानकों का सख्ती से पालन करने की चेतावनी दी है।