Saturday, February 21, 2026
spot_imgspot_imgspot_imgspot_img
HomeLatest NewsT20 World Cup: Team India के आगे Pakistan का टोटल सरेंडर,...

T20 World Cup: Team India के आगे Pakistan का टोटल सरेंडर, शान से सुपर-8 में पहुंचा भारत

भारतीय टीम ने पाकिस्तान को टी20 वर्ल्ड कप में 8वीं बार हरा दिया है.

डिफेंडिंग चैंपियन टीम इंडिया ने टी20 वर्ल्ड कप 2026 के सुपर-8 राउंड में जगह बना ली है. टूर्नामेंट के अपने तीसरे मैच में टीम इंडिया ने कोलंबो में पाकिस्तान की धज्जियां उड़ाते हुए 61 रन के बड़े अंतर से हरा दिया. ईशान किशन की धुआंधार पारी और लगातार दूसरे अर्धशतक की मदद से टीम इंडिया ने पहले बैटिंग करते हुए 175 रन का दमदार स्कोर खड़ा किया. ये पाकिस्तान के लिए असंभव ही साबित हुआ और वो सिर्फ 114 रन पर ढेर हो गई. टीम इंडिया ने इसके साथ ही टी20 वर्ल्ड कप में पाकिस्तान के खिलाफ अपने रिकॉर्ड को 8-1 कर लिया.
कोलंबो के प्रेमदासा स्टेडियम में रविवार 15 फरवरी को खेला गया ये मैच कुछ दिन पहले तक रद्द होने की कगार पर था. बांग्लादेश के टी20 वर्ल्ड कप से बाहर होने के विरोध में पाकिस्तान के प्रधानमंत्री शहबाज शरीफ ने ऐलान किया था कि पाकिस्तानी टीम 15 फरवरी को भारत के खिलाफ मैच नहीं खेलेगी. कुछ दिन तक ये ड्रामा करने के बाद जब ICC ने उसे मिलने वाली सजा की चेतावनी दी तो PCB को अपने फैसले से यू-टर्न लेकर मैच खेलने के लिए राजी होना पड़ा.मगर ये फैसला भी पाकिस्तानी टीम पर भारी ही पड़ा.

ईशान ने अकेले बोल दिया हमला

इस मैच में टॉस जीतने वाली पाकिस्तानी टीम ने पहले ही ओवर में अभिषेक शर्मा जैसे विस्फोटक बल्लेबाज को 0 पर आउट कर दिया था. इसके बावजूद वो इस मुकाबले को अपने काबू में नहीं कर सकी और इसकी वजह बने ईशान किशन. विस्फोटक फॉर्म में चल रहे टीम इंडिया के ओपनर ईशान इस मैच में असली अंतर साबित हुए. प्रेमदासा स्टेडियम की दोहरे बर्ताव वाली पिच पर ईशान ने सिर्फ 40 गेंदों में 77 रन की धुआंधार पारी खेलकर पाकिस्तान को काफी हद तक मैच से बाहर कर दिया था.
ईशान के अलावा अन्य बल्लेबाजों को तेज खेलने के लिए संघर्ष करना पड़ रहा था, जो कप्तान सूर्यकुमार यादव (32) और तिलक वर्मा (25) के प्रदर्शन में दिखा भी. मगर आखिरी ओवर्स में शिवम दुबे (27) और रिंकू सिंह (11) ने तेजी से कुछ रन बटोरकर टीम को दमदार स्कोर तक पहुंचाया, जो पहले से ही जीत के लिए काफी लग रहा था. पाकिस्तान के लिए सैम अयूब ने सबसे ज्यादा 3 विकेट लिए.

हार्दिक-बुमराह ने ही लिख दी हार की कहानी

पाकिस्तान का पहला ओवर भी बिल्कुल वैसा ही गुजरा जैसा टीम इंडिया का रहा था. पहले ओवर में ही हार्दिक पंड्या ने साहिबजादा फरहान को खाता खोले बिना ही लौटा दिया. मगर इसके बाद की कहानी बिल्कुल अलग रही. जहां ईशान किशन ने पाकिस्तान पर काउंटर अटैक किया, वहीं टीम इंडिया के गेंदबाजों ने उसे वहीं पस्त कर दिया. दूसरे ओवर में मैच की कहानी लगभग तय हो गई थी, जब जसप्रीत बुमराह ने 6 गेंदों के अंदर सैम अयूब (6) और पाकिस्तानी कप्तान सलमान आगा (4) को पवेलियन लौटा दिया.
इसके बाद स्पिनर्स ने मोर्चा संभाला और एक-एक कर पाकिस्तानी बल्लेबाजों को पवेलियन लौटा दिया. अक्षर पटेल ने जहां बाबर आजम को 5 रन पर निपटा दिया तो वहीं तिलक वर्मा ने शादाब खान का विकेट लिया. पाकिस्तान के लिए उस्मान खान (44) जरूर अकेले मोर्चा संभाले हुए थे लेकिन अक्षर ने उनकी जुझारू पारी पर भी ब्रेक लगा दिए. आखिरकार ठीक 18 ओवर में पाकिस्तानी टीम सिर्फ 114 रन पर ढेर हो गई. टीम इंडिया के लिए हार्दिक, बुमराह, अक्षर और वरुण चक्रवर्ती ने 2-2 विकेट लिए. वहीं तिलक और कुलदीप यादव को 1-1 सफलता मिली.
RELATED ARTICLES
- Advertisment -
Google search engine

Most Popular

Recent Comments