Sunday, February 15, 2026
spot_imgspot_imgspot_imgspot_img
HomeLatest Newsभारतीय शेयर बाजार की सकारात्मक शुरुआत, फार्मा शेयरों में तेजी; FMCG और...

भारतीय शेयर बाजार की सकारात्मक शुरुआत, फार्मा शेयरों में तेजी; FMCG और IT में कमजोरी

वैश्विक बाजारों से मिले-जुले संकेतों के बीच मंगलवार को हफ्ते के दूसरे कारोबारी दिन भारतीय शेयर बाजार ने अच्छी शुरुआत की।

बाजार खुलते ही सेंसेक्स और निफ्टी दोनों हरे निशान में नजर आए। सेंसेक्स अपने पिछले बंद 84,065.75 के मुकाबले 144.25 अंकों की बढ़त के साथ 84,210 पर खुला, जबकि निफ्टी 55.35 अंक चढ़कर 25,922.65 पर खुला।
सुबह करीब 9.22 बजे तक बीएसई सेंसेक्स 137.67 अंक यानी 0.16 फीसदी की तेजी के साथ 84,203.42 के स्तर पर कारोबार कर रहा था। वहीं एनएसई निफ्टी 37.65 अंक या 0.15 फीसदी की मजबूती के साथ 25,904.95 पर बना हुआ था। इस दौरान निफ्टी एफएमसीजी और आईटी को छोड़कर ज्यादातर सेक्टोरल इंडेक्स में तेजी देखने को मिली।
विस्तृत बाजार की बात करें तो मिडकैप शेयरों में हल्की मजबूती दिखी। निफ्टी मिडकैप इंडेक्स 0.21 फीसदी और स्मॉलकैप इंडेक्स 0.49 फीसदी की बढ़त के साथ ट्रेड कर रहा था।
सेक्टर के लिहाज से निफ्टी फार्मा इंडेक्स में 0.46 फीसदी की तेजी दर्ज की गई। वहीं आईटी और पीएसयू बैंक सेक्टर में करीब 0.2 फीसदी की गिरावट देखी गई।
सेंसेक्स के शेयरों में इटरनल, टाइटन, एक्सिस बैंक, टाटा स्टील, टीसीएस, सन फार्मा और पावर ग्रिड टॉप गेनर्स में शामिल रहे। दूसरी ओर बजाज फाइनेंस, एशियन पेंट्स, इंडिगो, एचसीएल टेक, एचडीएफसी बैंक और एसबीआई के शेयरों में कमजोरी देखने को मिली।
चॉइस ब्रोकिंग के टेक्निकल रिसर्च एनालिस्ट आकाश शाह के मुताबिक, पिछले कारोबारी सत्र में बाजार ने रिकवरी को बरकरार रखा था। निफ्टी 25,850 के ऊपर बंद हुआ, जबकि सेंसेक्स में करीब 500 अंकों की बढ़त दर्ज की गई थी।
उन्होंने बताया कि तकनीकी तौर पर निफ्टी अहम मूविंग एवरेज के ऊपर बना हुआ है। 25,700 से 25,800 के दायरे के ऊपर टिके रहने से बाजार की मजबूती और बढ़ी है। निफ्टी के लिए 26,000 का स्तर अगला बड़ा रेजिस्टेंस है, इसके बाद 26,100 अहम रहेगा। अगर निफ्टी 26,000 के ऊपर मजबूत ब्रेकआउट देता है, तो शॉर्ट कवरिंग तेज हो सकती है और तेजी का सिलसिला आगे भी जारी रह सकता है। नीचे की ओर 25,700 पहला अहम सपोर्ट है, जबकि इसके बाद 25,500 पर नजर रहेगी।
कुल मिलाकर बाजार का रुख फिलहाल सकारात्मक बना हुआ है। हालांकि, कारोबार सीमित दायरे में रह सकता है। निवेशकों को बैंकिंग, पीएसयू, मेटल्स और नतीजों या सेक्टर से जुड़ी खबरों वाले चुनिंदा शेयरों पर ध्यान देने की सलाह दी जा रही है। वहीं निफ्टी के 26,000 के अहम स्तर के करीब पहुंचने के कारण सतर्कता और मजबूत रिस्क मैनेजमेंट के साथ ट्रेड करना बेहतर रहेगा।
RELATED ARTICLES
- Advertisment -
Google search engine

Most Popular

Recent Comments